गुरुदेव  महाराज का तिरोभाव महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और वैदिक अनुष्ठानों के साथ मनाया गया

वृंदावन। मदन मोहन कुंज, वृंदावन में गुरुदेव भगवती शरण देवाचार्य महाराज का तिरोभाव महोत्सव वामन द्वादशी के पावन दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं भक्तजन उपस्थित रहे और गुरुदेव को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नारद पीठाधीश्वर गद्याचार्य हेमकांत शरण देवाचार्य महाराज ने बताया कि प्रातःकाल कार्यक्रम का शुभारंभ ठाकुर जी के पंचामृत अभिषेक से हुआ। अभिषेक के उपरांत ठाकुर जी को नवीन एवं मनोहारी वस्त्र धारण कराए गए तथा भव्य आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात गुरुदेव भगवती शरण देवाचार्य महाराज की पावन चरण पादुकाओं का भी वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पंचामृत अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने चरण पादुकाओं का पूजन कर गुरुदेव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

महोत्सव के दौरान संतों एवं वक्ताओं ने गुरुदेव के जीवन, उनकी भक्ति-साधना, सेवा एवं सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में दिए गए योगदान का स्मरण किया। भजन, कीर्तन और गुरु महिमा के गुणगान से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा। उपस्थित संतों ने श्रद्धालुओं को गुरुदेव के आदर्शों का अनुसरण करते हुए धर्म, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

तिरोभाव महोत्सव के अवसर पर दिनभर दर्शन, पूजन, सत्संग एवं गुरु स्मरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मदन मोहन कुंज में आयोजित यह उत्सव श्रद्धा, भक्ति और गुरु-भाव का अनुपम संगम बन गया।